जोहान्सबर्ग । दक्षिण अफ्रीका में जीवाश्म विज्ञानियों ने सबसे पुराने  कब्रिस्‍तान का पता लगाने का दावा किया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि ये ऐसे मनुष्‍य थे जिन्हें पहले जटिल व्यवहार के लिए अक्षम माना जाता था। यह इंसानों को दफन करने की वह सबसे पुरानी ज्ञात जगह है जहां पर ऐसे इंसानों को दफनाया जाता था जिनका दिमाग छोटा होता था। 
 मशहूर जीवाश्म विज्ञानी ली बर्जर के नेतृत्व में इस खोज को पूरा किया गया है। रिसर्चर्स ने सोमवार को कहा कि उन्हें जोहान्‍सबर्ग में यूनेस्‍को की वर्ल्‍ड हैरिटेज साइट के पास जो कुछ भी मिला है, उसने उन्‍हें हैरान कर दिया है। यह कब्रिस्‍तान होमो नलेदी का है जो एक पेड़ पर चढ़ने वाला और पाषाण युग का मानव था। कब्रिस्‍तान उस गुफा के अंदर मिला है जहां पर पत्‍थर युग में इंसान रहते थे। यह करीब 30 मीटर या 100 फीट जमीन में दबा हुआ। अभी तक इस रिसर्च को पब्लिश नहीं किया गया है और इसे आने वाले दिनों में ईलाइफ में रिलीज किया जाएगा।
 वैज्ञानिकों ने लिखा है, ये कब्रिस्‍तान बताने के लिए काफी है कि कम से कम एक लाख साल पहले भी मानवजाति का हस्‍तक्षेप था और रिकॉर्ड में दर्ज किए गए सबसे पुराने सबूत हैं। वैज्ञानिकों ने जो निष्कर्ष निकाला है वह मानव विकास की वर्तमान समझ को चुनौती देता है। हालांकि वैज्ञानिक बर्जर के नेतृत्व वाली टीम की रिसर्च अक्‍सर विवादों में रही है। उन्‍होंने हाल ही में अपनी एक खोज को कम से कम 200,000 ईसा पूर्व का करार दिया था। अमेरिका के रहने वाले बर्जर ने बताया, होमो नलेदी हमें बताता है कि हम उतने खास नहीं हैं। होमो नलेदी इंसानी सभ्‍यता का वह रूप था जिसे बंदरों और आधुनिक मानवों के बीच की कड़ी माना जाता है।
 कहा जाता है कि इनका दिमाग संतरे के आकार जितना ही होता था। इनकी लंबाई भी करीब 1.5 मीटर यानी 5 फीट ही होती थी। हाथ और पैर की मुड़ी हुई उंगलियों के अलावा इनके हाथ उपकरण चलाने में सक्षम थे और ये भी आज के इंसानों की तरह पैरों का प्रयोग चलने के लिए करते थे। साल 2013 में बर्जर ने ही होमो नलेदी की खोज की थी। इस खोज के साथ इस धारणा को खत्म करने में मदद मिली कि इंसानों का विकास एक सीधी रेखा पर हुआ था। प्रजाति का नाम राइजिंग स्टार गुफा पर रखा गया है, जहां पहली बार इंसानों की हड्डियां साल 2013 में मिली थीं। 
स्मिथसोनियन ह्यूमन ओरिजिन्स प्रोग्राम के निदेशक रिक पोट्स ने कहा, अभी भी बहुत कुछ सामने आना बाकी है। हालांकि वह इस रिसर्च का हिस्‍सा नहीं थे।आमतौर पर यह माना जाता है कि जटिल गतिविधियों जैसे कि मृतकों को दफनाने के लिए बड़े दिमाग वाले मनुष्‍यों की जरूरत होती थी। इससे पहले मीडिल ईस्‍ट और अफ्रीका में मानवजाति का सबसे पुराना कब्रिस्‍तान मिला था और वह भी करीब एक लाख साल पुराना था।