भोपाल । राजधानी के तापमान में अभी ज्यादा गिरावट नहीं होने का अनुमान जताया जा रहा है। अच्छी ठंड के लिए शहरवासियों को अभी और इंतजार करना होगा। पश्चिमी मध्य प्रदेश पर एक प्रति चक्रवात के बनने के कारण हवाओं का रुख बार बदलने लगा है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक हवा का रुख उत्तरी नहीं हो पाने के कारण अभी एक–दो दिन भोपाल, इंदौर एवं उज्जैन संभागों के जिलों में रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना कम है। शेष संभागों के जिलों में तापमान में विशेष परिवर्तन होने के आसार नहीं हैं। पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में बंगाल की खाड़ी या अरब सागर में कोई मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। उत्तर भारत के आसपास कोई पश्चिमी विक्षोभ भी नहीं है। इस वजह से मध्य प्रदेश का मौसम शुष्क बना हुआ है। उधर पिछले दो दिनों से पश्चिमी मध्य प्रदेश पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इसके असर से हवाओं का रुख बार–बार बदल रहा है। विशेषकर हवा का रुख उत्तरी होना बंद हो गया है। इस वजह से भोपाल, इंदौर, उज्जैन संभागों के जिलों में रात का तापमान धीरे–धीरे बढ़ने लगा है। शेष संभागों के जिलों में न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं हो रहा है। शुक्ला के मुताबिक अभी एक–दो दिन तक मौसम के मिजाज में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।उधर गुरुवार को मध्य प्रदेश में सबसे कम 12 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम शुष्क रहा। न्यूनतम तापमानों में सभी संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तिन नहीं हुआ। ये सभी संभागों के जिलों में सामान्य रहे।