सरकारी जमीन कब्जाने वालों पर सख्ती, अंबिकापुर में चला बुलडोजर
अंबिकापुर, छत्तीसगढ़:सरगुजा जिला प्रशासन ने आज सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए अंबिकापुर स्थित 'कमोदा रिसॉर्ट' के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया। रिसॉर्ट परिसर का एक बड़ा हिस्सा लगभग 45 डिसमिल सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाया गया था। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में राजस्व विभाग की टीम ने घेराबंदी कर इस कब्जे को ढहा दिया।
विरोध के बावजूद प्रशासन का कड़ा रुख
ज्ञात हो कि दो दिन पहले भी एसडीएम के नेतृत्व में टीम अतिक्रमण हटाने पहुँची थी, लेकिन संचालकों के भारी विरोध और हंगामे के कारण टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा था। उस दौरान संचालकों ने मोहलत मांगी थी, जिसे पूरा होते ही आज तड़के 6:30 बजे प्रशासन ने दोबारा दबिश दी। इस दौरान भी नोकझोंक की स्थिति बनी, लेकिन अधिकारियों ने सूझबूझ से काम लेते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया।
अक्टूबर 2025 में ही घोषित हुआ था अतिक्रमण
सरकारी जमीन पर रिसॉर्ट के निर्माण की शिकायत काफी समय से की जा रही थी। अक्टूबर 2025 में तहसील न्यायालय ने अपने आदेश में स्पष्ट कर दिया था कि 45 डिसमिल सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है। प्रशासन ने कई बार नोटिस जारी कर संचालकों को खुद कब्जा हटाने का मौका दिया था, लेकिन उनकी ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई।
सियासी दखल भी नहीं आया काम
बीते शनिवार को जब प्रशासन जेसीबी लेकर पहुँचा था, तब पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत भी मौके पर पहुँचे थे और उन्होंने अधिकारियों की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे रोकने की कोशिश की थी। हंगामे को देखते हुए अधिकारियों ने संचालकों को दो दिन का समय दिया था, लेकिन समय सीमा समाप्त होते ही आज कलेक्टर के निर्देश पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी गई।
जमीन की खरीद-बिक्री पर भी उठ रहे सवाल
विवाद केवल सरकारी जमीन तक सीमित नहीं है। बताया जा रहा है कि रिसॉर्ट का एक हिस्सा शरणार्थियों को दी गई जमीन पर भी बना है। इस जमीन की रजिस्ट्री को लेकर बेचने वाले पक्ष के परिजनों ने सरगुजा कलेक्टर से शिकायत की है, जिसमें दावा किया गया है कि धोखाधड़ी से यह सौदा किया गया। फिलहाल प्रशासन इस पहलू की भी बारीकी से जांच कर रहा है।
अतिक्रमण के खिलाफ जारी है अभियान
कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन में अंबिकापुर में अवैध कब्जों के खिलाफ मुहिम तेज हो गई है। पिछले एक महीने में रिंग तालाब को कब्जा मुक्त कराने और नाले पर बनी अवैध बाउंड्री वॉल ढहाने जैसी कई बड़ी कार्रवाइयां हुई हैं। वन विभाग ने भी वन भूमि पर बने अवैध ढांचों को तोड़ा है। इस ताजा कार्रवाई के बाद शहर के अन्य बड़े अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है।

Mamata Banerjee Case: बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने 48 घंटे का समय दिया
कारोबारी दुनिया में हलचल, सात जगहों पर जांच एजेंसी की दबिश
हाईकोर्ट में राजनीतिक उथल-पुथल, संजय पाठक की मौजूदगी में सुनवाई स्थगित
चार मंत्रियों को अहम विभाग देकर असम सरकार ने किया बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
जबलपुर EOW टीम का एक्शन, SDM कार्यालय का कर्मचारी गिरफ्तार
महिला सहायता योजना पर तमिलनाडु की राजनीति गरमाई, स्टालिन ने उठाए सवाल
विश्वविद्यालय की लैब में चोरी से मचा हड़कंप, पुलिस जांच शुरू
ट्रंप की यात्रा पर व्हाइट हाउस ने साफ किया रुख, ताइवान मुद्दा सबसे अहम
ईंधन बचाने के लिए दिल्ली में सख्ती, कर्मचारियों को दो दिन WFH का आदेश
‘एमएसपी से कम कीमत पर खरीद हो अपराध’, जीतू पटवारी की मांग