भोपाल । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरूवार को मंडला लोकसभा प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते के समर्थन में आम सभा की। उनके साथ सीएम डाक्टर मोहन यादव, भाजपा के प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते, समेत कई अन्य नेता मौजूद रहे। केंद्रीय गृहमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील की। साथ ही कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि ये जो घमंडिया गठबंधन है, उसका एकमात्र मकसद है- अपने परिवारजनों को आगे बढ़ाने का है, जबकि मोदी जी का एकमात्र लक्ष्य है- गरीब, आदिवासी, दलित, पिछड़े समाज को आगे बढ़ाने का है। एक ओर मोदी जी हैं, जिन्होंने करोड़ों गरीबों के लिए काम किया, तो दूसरी ओर अपने परिवार के लिए जीने वाला घमंडिया गठबंधन है।
शाह ने कहा कि मोदी जी जब पहली बार देश के प्रधानमंत्री बने, तब उन्होंने कहा था, ‘मेरी ये सरकार गरीबों की, दलितों की, आदिवासियों की, पिछड़ों की सरकार होगी’। 10 वर्ष में 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का काम मोदी ने किया। कांग्रेस ने लंबे समय तक देश में शासन किया, लेकिन जनजातियों के कल्याण के लिए कुछ नहीं किया। केंद्रीय गृहमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि मैं राहुल बाबा से पूछना चाहता हूं, क्या आपने कभी गरीब आदिवासी बेटे-बेटी को राष्ट्रपति पद पर बिठाया? मोदी जी ने ओडिशा की गरीब आदिवासी बहन श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को देश का राष्ट्रपति बनाया। भाजपा की सरकार सारे वादे पूरे करके आगे बढ़ रही है। बीते 10 वर्षों में मोदी जी देश के अर्थतंत्र को 11वें नंबर से 5वें नंबर पर लेकर आए। अमित शाह ने जनता से कहा कि मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बना दो, भारत, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। केंद्र में 10 साल तक कांग्रेस का शासन था, आए दिन आतंकी देश में बम धमाके करते थे और कांग्रेस कुछ नहीं बोलती थी। 2014 के बाद आतंकियों ने उरी और पुलवामा में हमला किया, 10 दिन के भीतर सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक कर भारत ने पाकिस्तान के घर में घुस कर आतंकियों का सफाया किया।
जिसने भी चोरी की है, उसे जेल जाना पड़ेगा
विपक्षी अब जेल में जा रहे हैं। छातियां पीट रहे हैं। हमें ये कर दिया, हमें वो कर दिया। मोदी जी ने 2014 के चुनाव में आने से पहले देश की जनता से वादा किया था कि एक एक भ्रष्टाचारी को चुन-चुनकर जेल भेजेंगे। भ्रष्टाचारियों को जेल में डालना चाहिए या नहीं? जिसने भी चोरी की है, उसे जेल जाना पड़ेगा।
 इंडी एलायंस भ्रष्टाचारियों का जमघट
शाह ने कहा कि घमंडिया गठबंधन भ्रष्टाचारियों का जमघट हैं। 10 साल तक सोनिया-मनमोहन ने सरकार चलाई। इस दौरान 12 लाख करोड़ का घपला किया। यहां कमलनाथ और बंटाढार ने भी कुछ बाकी नहीं रखा। मैं उनका कच्छा चि_ा लाया हूं। कोल ब्लॉक का घोटाला किसने किया। कॉमन वेल्थ का घोटाला किसने किया, टूजी घोटाल किसने किया, शारदा चिटफंड किसने किया, सेबों की बिक्री का घोटाल किसने किया, आईएनएस का मीडिया घोटाल किसने किया? शाह ने कई घोटाले गिनाए।