नई दिल्ली    कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के फैंस के लिए अच्छी खबर है। AIIMS में इलाज के 15वें दिन गुरुवार सुबह उन्हें होश आया है। एम्स के मेडिकल स्टाफ से इशारों में बात भी की। नर्स से इशारों में पूछा कि वह अस्पताल में कैसे? स्टाफ ने उन्हें जवाब दिया कि आप चक्कर आने से गिर गए थे। इसलिए आपको अस्पताल लाया गया है। राजू के साले आशीष श्रीवास्तव ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने राजू के होश आने पर कानपुर के व्यापारी नेता ज्ञानेश मिश्रा और हास्य कलाकार अन्नू अवस्थी को भी फोन किया था। 10 अगस्त को दिल का दौरा पड़ने के बाद से राजू को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था।

15 अगस्त को 1 घंटे के लिए वेंटिलेटर हटाया था

परिजनों के मुताबिक, बुधवार को आधे घंटे के लिए वेंटिलेटर हटाया गया। ये दूसरी बार है जब राजू को वेंटिलेटर सपोर्ट से हटाया गया है। इससे पहले 15 अगस्त को 1 घंटे के लिए वेंटिलेटर हटाया था। तब उन्हें बुखार आ गया था। उसके बाद फिर से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।

बेटी बोली- पापा की हालत स्थिर

राजू श्रीवास्तव की बेटी अंतरा ने बताया कि पापा की हालत स्थिर है। उनकी तबीयत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। डॉक्टर्स उनका ट्रीटमेंट बेहतर तरीके से कर रहे हैं। उन्हें रोज नली के जरिए दूध और जूस दिया जा रहा है। न्यूरो फीजियोथेरैपी के जरिए उनके ब्रेन में ऑक्सीजन सप्लाई शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

राजू की सलामती के लिए बड़े भाई करा रहे रुद्राभिषेक

राजू के बड़े भाई सीपी श्रीवास्तव ने बताया कि वे गुड़गांव में अपने घर पर 7 दिन से लगातार रुद्राभिषेक करा रहे हैं। राजू की सेहत में जल्द सुधार हो, इसके लिए पूरा परिवार दिन-रात प्रार्थना कर रहा है।

राजू की सेहत पहले से बेहतर: सुनील पाल

राजू की सेहत में सुधार की पुष्टि अब उनके दोस्त कॉमेडियन सुनील पाल ने भी की है। सुनील पाल के अनुसार राजू की सेहत अब पहले से काफी बेहतर है। वह पॉजिटिव साइन दे रहे हैं। बाकी सब प्रार्थनाओं पर निर्भर करता है। हमें सकारात्मक सोचना होगा।

ICU में केवल पत्नी को जाने की अनुमति

राजू इस समय दिल्ली एम्स के सेकंड फ्लोर के ICU में एडमिट हैं। एम्स के डॉक्टर राजू को संक्रमण से बचाने पर पूरा ध्यान दे रहे हैं। इसे देखते हुए सिर्फ पत्नी शिखा को ही ICU में जाने की अनुमति दी गई है। उनका पूरा परिवार एम्स में ही रुक हुआ है। कानपुर समेत पूरे देश में उनके लिए दुआओं का सिलसिला लगातार जारी है।