सीवान पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में आरोपी जख्मी
सीवान। बिहार के सीवान में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार जारी है। गुरुवार को एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान हर्ष सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी छोटू कुमार यादव घायल हो गया। बता दें कि हर्ष सिंह, भाजपा नेता और पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के भांजे थे, जिनकी बुधवार को मामूली विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बिहार पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध पिछले दो दिनों में की गई यह दूसरी बड़ी एनकाउंटर कार्रवाई है।
मुठभेड़ में अपराधी को लगी गोली, पटना रेफर
सीवान एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि बुधवार को हुई सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा निवासी आरोपी छोटू कुमार यादव को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ने की कोशिश की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में छोटू घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज हेतु पटना रेफर कर दिया गया है।
सड़क पर मामूली विवाद ने लिया था खूनी मोड़
वारदात की जड़ में महज एक छोटी सी सड़क दुर्घटना थी। बुधवार की शाम नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास पूर्व एमएलसी के बहनोई चंदन सिंह अपने बेटे हर्ष सिंह के साथ एक तिलक समारोह में जा रहे थे। रास्ते में परिवार के अन्य सदस्यों का इंतजार करते समय उनकी कार की टक्कर दूसरी गाड़ी से हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोड रेज का यह मामला इतनी जल्दी हिंसक हो गया कि आरोपियों ने आव देखा न ताव और ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
भाजपा नेता के परिवार में मातम, पुलिस की सख्त कार्रवाई
इस अंधाधुंध फायरिंग में भाजपा नेता के युवा भांजे हर्ष सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना ने पूरे जिले में आक्रोश और तनाव पैदा कर दिया था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी छोटू कुमार यादव की गिरफ्तारी और एनकाउंटर के बाद इस मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के बीच बिहार पुलिस अब अपराधियों को 'जवाब' देने के लिए सख्त रुख अख्तियार कर रही है।

बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, असम में बाढ़ से 50 की मौत, हजारों घरों में ब्लैकआउट
इराक से वेस्ट बैंक तक हिंसा, धमाकों और गोलीबारी से फिर भड़का तनाव
बैठक खत्म, सहमति नहीं; कल फिर आमने-सामने होंगे सरकार और CJP
अस्पताल में सेवाएं प्रभावित, 21 कर्मचारियों की नौकरी जाने पर बढ़ा विवाद
छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, विवाहित बेटियों को भी मिलेगा अनुकंपा नियुक्ति का अधिकार
समुद्र में शक्ति प्रदर्शन! चीन-फिलीपींस विवाद ने फिर बढ़ाया क्षेत्रीय तनाव
तृतीय सोपान एवं निपुण टेस्टिंग कैंप का आगाज, स्काउट्स-गाइड्स करेंगे हुनर का प्रदर्शन
प्रदर्शन के बीच दिल्ली में सख्ती, इंटरनेट पर पाबंदी और मेट्रो सेवाएं प्रभावित
वकीलों की CJI से गुहार, पीएम आवास के पास प्रदर्शन पर जताई चिंता