भोपाल ।    हम सभी की जिम्मेदारी है कि भाजपा की पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बनाएं। यही हमारा केंद्रीय नेतृत्व चाहता है। भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। कई देशों के लोग पार्टी की व्यवस्था देखने आते हैं कि इतना विशाल संगठन आखिर काम कैसे करता है? यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कही। वह गुरुवार को यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी के जिलाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और सह कोषाध्यक्षों की कामकाजी बैठक के उद्घाटन सत्र में बोल रहे थे। इस सत्र में प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा एवं पार्टी की राष्ट्रीय अंकेक्षक वेणी थापर ने भी मार्गदर्शन दिया। प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप पार्टी ने भी अपने वित्तीय कामकाज के लिए एक डिजिटल साफ्टवेयर तैयार किया है। आने वाले तीन माह में इस पर काम शुरू हो जाएगा। बैठक में प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी भी मौजूद थे।

इंटरनेट मीडिया का बेहतर उपयोग करें: हितानंद शर्मा

प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि इंटरनेट मीडिया एक शक्तिशाली माध्यम है। इसका बेहतर उपयोग किया जाए। इसमें दक्ष दो युवा कार्यकर्ताओं को हर बूथ से जोड़ने का काम जल्द ही पूरा करना है। उन्होंने कहा कि अभी मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम चल रहा है। हमें नए मतदाताओं को सूची में जोड़ने के लिए स्कूलों में जाकर संपर्क करना चाहिए। बूथ सशक्तीकरण के लिए अभियान चलाएं। प्रत्येक बूथ पर 10 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाने के लिए कार्य योजना तैयार करें।

पार्टी को मिले दान की जानकारी पोर्टल पर दर्ज करें: वेणी थापर

पार्टी की राष्ट्रीय अंकेक्षक वेणी थापर ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की एक ही बैलेंस शीट तैयार होती है, जिसमें प्रत्येक जिले का हिसाब शामिल होता है। जब तक प्रत्येक जिले की जानकारी इसमें शामिल न हो जाए, बैलेंस शीट रुकी रहती है। इस कारण सभी कोषाध्यक्ष अपनी जानकारी और बैलेंस शीट समय पर भेजें। उन्होंने कहा कि पार्टी ने मिलने वाले डोनेशन के लिए एक पोर्टल तैयार किया है, जिसे जिलास्तर तक लागू करना है। सभी कोषाध्यक्ष पार्टी को मिलने वाले दान की जानकारी इस पोर्टल पर ही दर्ज करें।