राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत गुरुवार से बर्मिंघम में होने जा रही है। भारत इन खेलों में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले देशों में से एक है। खासतौर पर साल 2000 के बाद से भारत का प्रदर्शन इन खेलों में शानदार रहा है। भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में अब तक कुल 503 पदक जीते हैं। वहीं, साल 2000 के बाद से भारत ने 350 पदक जीते हैं। कुल 503 पदकों में से भारत ने 181 स्वर्ण, 173 रजत और 149 कांस्य पदक जीते हैं।
1. जसपाल राणा : उत्तराखंड का यह दिग्गज निशानेबाज राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए सबसे सफल एथलीट रहे हैं। उन्होंने इन खेलों में 1994 से 2006 के बीच 15 पदक जीते हैं। इनमें नौ स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। जसपाल के लिए सबसे सफल 2002 मैनचेस्टर कॉमनवेल्थ गेम्स रहा था। तब उन्होंने छह पदक जीते थे।
2. समरेश जंग : इस एयर पिस्टल विशेषज्ञ ने 2002 में मैनचेस्टर में राष्ट्रमंडल खेलों में डेब्यू किया था। उन्होंने 2002, 2006 और 2010 के संस्करणों में कुल 14 पदक जीते हैं, जिसमें सात स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। उनका सबसे सफल आउटिंग 2006 में था, जब उन्होंने कुल सात पदक जीते थे।
3. गगन नारंग : इस भारतीय निशानेबाज ने 2006 में मेलबर्न में अपना कॉमनवेल्थ गेम्स डेब्यू किया था। उस साल नारंग ने चार स्वर्ण पदक जीते थे। इनमें से दो स्वर्ण उन्होंने अभिनव बिंद्रा के साथ एक टीम के रूप में जीते थे। नारंग ने 2010 में भारत में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में चार और स्वर्ण जीते थे। इनमें से एक बिंद्रा के साथ टीम के रूप में जीता था।
4. अभिनव बिंद्रा : 2008 के बीजिंग ओलंपिक में भारत को पहला व्यक्तिगत स्वर्ण दिलाने वाले इस दिग्गज निशानेबाज ने राष्ट्रमंडल खेलों में भी अपनी छाप छोड़ी है। मैनचेस्टर में 2002 कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान उन्होंने डेब्यू किया था। उस साल बिंद्रा ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता था। 2006 कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने नारंग के साथ दो स्वर्ण और व्यक्तिगत तौर पर एक रजत और एक कांस्य पदक जीता था।
5. शरथ कमल अचंता :तमिलनाडु के इस स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी ने अपने कॉमनवेल्थ गेम्स करियर में भारत के लिए कुल नौ पदक जीते हैं। उनके पदक तालिका में चार स्वर्ण, एक रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं। उनकी सबसे सफल आउटिंग 2018 के दौरान ऑस्ट्रेलिया में हुई थी, जिसमें उन्होंने चार पदक जीते थे।