कैलिफोर्निया के लास एंजिलिस में आग की लपटें बढ़ीं, एक हजार इमारतें हुईं खाक
लॉस एंजिलिस। अमेरिका के लॉस एंजिलिस में कई दिशाओं से फैल रही जंगल की भयानक आग ने गुरुवार को अमेरिकी फिल्म उद्योग के प्रतीकात्मक केंद्र हॉलीवुड हिल्स के करीब पहुंच गई। आग पर अभी भी काबू नहीं पाया जा सका है और सैकड़ों दमकलकर्मी इसे बुझाने में जुटे हुए हैं। आग से सात लोगों की मौत हो गई है और 1.3 लाख से अधिक लोगों को दूसरे स्थानों पर जाने का आदेश दिया गया है।
आग से अब तक 52 से 57 अरब डॉलर का नुकसान हो चुका है। आग से बिली क्रिस्टल, मैंडी मूर, कैरी एल्वेस और पेरिस हिल्टन समेत विभिन्न हस्तियों के घरों समेत एक हजार इमारतें जलकर राख हो गई हैं। प्रशांत तट से लेकर पासाडेना तक शहर तबाह हो गया है। इस आग को लॉस एंजिलिस के इतिहास में सबसे विनाशकारी बताया जा रहा है।
पांच अलग-अलग स्थानों पर आग फैली
गुरुवार सुबह लॉस एंजिलिस काउंटी में पांच अलग-अलग स्थानों पर आग फैली हुई थी। इन पर काबू पाने के लिए हेलीकॉप्टर आग पर पानी डालने के लिए उड़ रहे थे, लेकिन तेज हवाओं की वजह से उन्हें मुश्किल हो रही है। कुछ स्थानों पर पानी की भी कमी हो गई। छह अन्य राज्यों से अग्निशमन कर्मियों को कैलिफोर्निया बुलाया गया है। सूटकेस लिए लोग पैदल ही होटलों से निकल रहे थे, जबकि कुछ लोग फोन से आग की तस्वीरें खींच रहे थे।
जहरीले धुएं से राहत नहीं मिल पा रही
लॉस एंजिलिस की मेयर करेन बास ने कहा कि हवाएं मंगलवार की तरह बहुत तेज नहीं हैं, लेकिन अभी भी ये अनियमित हैं। धुएं से लोग परेशान हैं, एन-95 मास्क पहनने के बावजूद उन्हें जहरीले धुएं से राहत नहीं मिल पा रही है। दक्षिणी कैलिफोर्निया में करीब 3.1 लाख घरों एवं प्रतिष्ठानों की बिजली गुल है और इनमें से आधे लॉस एंजिलिस काउंटी के हैं। आग लगभग 28 हजार एकड़ के क्षेत्र को अपनी चपेट में ले चुकी है।
राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपनी इटली यात्रा रद कर दी
राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपनी इटली यात्रा रद कर दी है, जो संभवत: राष्ट्रपति के रूप में उनकी अंतिम विदेश यात्रा होती। वह सांता मोनिका के एक फायर स्टेशन पहुंचे और गवर्नर गेविन न्यूजाम के साथ बैठक की। गवर्नर ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए 1,400 से अधिक अग्निशमन कर्मियों को लगाया गया है। कई हॉलीवुड स्टूडियो ने अपना काम रोक दिया है।
आग लगने की घटना से लगभग 72 घंटे पहले हॉलीवुड के सबसे बड़े सितारे गोल्डन ग्लोब्स के रेड कार्पेट पर चलने के लिए एकत्र हुए थे। आग लगने के बाद गोल्डन ग्लोब्स पुरस्कार समारोह का उत्साह भी ठंडा पड़ गया। इसके अलावा 'बैटर मैन' और 'द लास्ट शोगर्ल' के प्रीमियर रद कर दिए गए। स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवार्ड्स के नामांकन की घोषणा लाइव कार्यक्रम के बजाय प्रेस बयान के माध्यम से की गई।
ऑस्कर नामांकन भी दो दिन के लिए स्थगित कर दिया गया
एएफआइ अवार्ड्स जैसे सप्ताहांत के कार्यक्रमों को भी रद किया जा चुका है। आस्कर नामांकन भी दो दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है, अब यह 19 जनवरी को होगा। क्रिटिक्स चाइस अवार्ड्स का आयोजन भी अब 26 जनवरी को होगा।क्रिस्टल और उनकी पत्नी जेनिस ने बताया कि पेसिफिक पेलिसेड्स के पास उनका 45 वर्ष पुराना घर बर्बाद हो चुका है। जेनिस और मैं 1979 से इस घर में रह रहे थे। मूर का पासाडेना के पास अल्ताडेना इलाके में स्थित घर आग में जलकर राख हो गया।
अभिनेत्री-गायिका ने एक पोस्ट में लिखा, 'ईमानदारी से कहूं तो मैं सदमे में हूं। मेरे बच्चों का स्कूल भी जलकर तबाह हो गया। हमारे पसंदीदा रेस्तरां जलकर खाक हो गए। बहुत से दोस्तों और प्रियजनों ने भी सब कुछ खो दिया है।' 'द प्रिंसेस ब्राइड' और कई अन्य फिल्मों के स्टार एल्वेस ने लिखा कि उनका परिवार सुरक्षित है, लेकिन आग में पैलिसेड्स स्थित उनका घर जल गया।
जेम्स वुड को भी नुकसान हुआ है
हिल्टन ने एक न्यूज वीडियो क्लिप पोस्ट की और कहा कि इसमें मालिबू में उनके नष्ट हो चुके घर की फुटेज शामिल है। आग से अभिनेत्री जेमी ली कर्टिस, अभिनेता एडम सैंडलर, बेन एफ्लेक, टाम हैंक्स और स्टीवन स्पीलबर्ग, जेम्स वुड को भी नुकसान हुआ है, जिनके घर आग प्रभावित इलाके के निकट स्थित हैं।
बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही भी लॉस एंजिलिस में थीं। उन्होंने बुधवार रात इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो पोस्ट किया और कहा कि उन्हें व उनकी टीम को आग की वजह से शहर छोड़ने के लिए कहा गया है। वह वहां से निकल रही हैं। फतेही ने कहा कि उन्होंने ऐसा कभी नहीं देखा।
प्रदूषित हवा लाखों को कर रही प्रभावित
आग से हवा में धुएं और राख के बादल बन गए हैं। लिहाजा दक्षिण कैलिफोर्निया के 1.7 करोड़ लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। लॉस एंजिलिस काउंटी के अग्निशमन विभाग में सहायक चिकित्सा निदेशक डा. पुनीत गुप्ता ने कहा कि जंगल की आग से हार्ट अटैक होते हैं और दमा के रोगियों की हालत बिगड़ जाती है।
दक्षिणी राज्यों में हिमपात का अनुमान
एक तरफ लॉस एंजिलिस बेकाबू आग से जूझ रहा है तो दूसरी ओर मौसम विज्ञानियों ने दक्षिण अमेरिका में इस हफ्ते के अंत तक भारी हिमपात का अनुमान व्यक्त किया है। टेक्सास के दक्षिणी मैदानों और ओक्लाहोमा से कैरोलिना के तटीय मैदानों तक इस सर्दियों की अधिकांश वर्षा उन स्थानों पर होने का अनुमान है, जहां लोग सर्दियों के कम आदी हैं। इससे ड्राइविंग के लिए परिस्थितियां खतरनाक होने, बिजली की कटौती और स्कूल बंद होने की संभावना है।

राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (17 फ़रवरी 2026)
मुख्य सचिव ने मंत्रालय महानदी भवन में नवा अंजोर विजन@ 2047 मॉनिटरिंग पोर्टल की समीक्षा की
आधुनिक कृषि यंत्रों एवं उन्नत तकनीक से छत्तीसगढ़ का किसान बन रहे हैं आत्मनिर्भर
चिकित्सकों की सतर्कता से बची प्रसूता की जान,पेरिपार्टम कार्डियक अरेस्ट के बाद सफल इलाज
सायबर पंजीयन कार्यालय से पेपरलेस और कैशलेस प्रक्रिया को मिलेगा प्रोत्साहन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
पूरक पोषण आहार यूनिट का शुभारंभ
जनजातीय बहुल क्षेत्रों में डिजिटल क्रांति की ओर सरकार की उल्लेखनीय पहल
कटघोरा वनमंडल की सतर्कता से तेंदुए का सफल रेस्क्यू और शिकारी गिरफ्तार
प्रदेश में वन्य जीव पर्यटन को किया जाए प्रोत्साहित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मध्यप्रदेश पुलिस की अवैध हथियारों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही