भोपाल । ग्वालियर-चंबल अंचल की चारों लोकसभा सीटों पर चुनाव प्रचार शुरू हो गया है। भाजपा व कांग्रेस के चुनाव कार्यालय अस्तिव में आने के बाद प्रचार ने गति पकडऩा शुरु कर दी है। नामांकन दाखिल होने के बाद दोनों प्रमुख दलों के राष्ट्रीय व प्रदेश स्तरीय नेताओं की चुनावी सभाओं का सिलसिला शुरू होगा। भाजपा समूचे देश में लोकसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम पर व केंद्रीय मंत्री अमित शाह व पार्टी के थिंक टैंक माने जाने वाले प्रमुख रणनीतिकारों की कार्ययोजना पर लड़ रही है, इसलिए भाजपा अंचल में चारों सीटों पर प्रभाव डालने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक लाख से अधिक लोगों की सभा कराने की रणनीति बन रही है। वहीं कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को बुलाने के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व से संपर्क में है। दूसरी तरफ कांग्रेस की कोशिश है कि पार्टी की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी की सभा व रोड-शो अंचल में हो। इसके साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का अंचल के दौरे का कार्यक्रम तय किया जा रहा है। प्रदेशस्तरीय नेताओं जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार व उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे भी अंचल में चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे।
भाजपा के रणनीतिकार अंचल में पार्टी उम्मीदवारों की स्थिति को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बड़ी सभा अंचल में कराने की योजना बना रहे हैं, इसके साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का भी चुनावी रणनीति को फाइनल टच देने के लिए अंचल प्रवास का कार्यक्रम तय किया जा रहा है। क्षत्रिय वोटों को लुभाने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय परिवहन व सडक़ मंत्री नितिन गडकरी की चुनावी सभा तय कराने का प्रयास किया जा रहा है, क्योंकि गडकरी ने अंचल को विकास के कई प्रोजेक्ट दिये। कुछ गतिशील हैं, तो कुछ पाइप लाइन में हैं, इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ का अंचल में चुनाव प्रचार के लिए आना तय माना जा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव लगातार अंचल में प्रवास कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी अंचल की तीनों सीटों पर चुनाव प्रचार के लिए पार्टी भेज सकती है। पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी पर्दे के पीछे से चुनावी कमान संभाले हुए हैं। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा अगले सप्ताह से अंचल में सक्रिय नजर आएंगे।
कांग्रेसियों की पहली पसंद प्रियंका गांधी
अंचल में कांग्रेसी अपनी स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी की सभा करने का प्रयास कर रही है, क्योंकि विधानसभा चुनाव में ग्वालियर व दतिया में वे चुनावी सभा कर चुकी हैं। कांग्रोसियों का मानना है कि प्रियंका गांधी के दौरे से विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को लाभ मिला था। राहुल गांधी की न्याय यात्रा चुनाव से पहले ही अंचल से गुजरी है, इसलिए उनका एक-दो लोकसभा सीटों पर रोड-शो कराने पर विचार किया जा रहा है, इसके अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभाएं भी अंचल में हो सकती हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ का उपयोग भी चुनाव प्रचार में कांग्रेस अंचल में करेगी। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के अलावा डिमांड के अनुसार फूल सिंह बरैया को भी चुनाव प्रचार के लिए भेजा जा सकता है।