नर्मदापुरम नगर में मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आगमन के पहले एक दर्जन कांग्रेसियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। कांग्रेसी नगर अध्यक्ष राकेश शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार केलु उपाध्याय सहित एक दर्जन पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर थाने ले गई। यह कांग्रेसी पदाधिकारी, कार्यकर्ता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से अपनी 14 सूत्री मांगों को लेकर मिलना चाहते थे। एक दिन पहले ही नगर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश शर्मा ने नर्मदापुरम कलेक्टर को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से जनहितैषी समस्याओं को लेकर प्रतिनिधि मंडल ने मिलने की मांग की थी। लेकिन मंगलवार दोपहर तक कांग्रेसियों को सीएम से मिलने के लिए अनुमति नहीं मिली। अनाज मंडी के पास कांग्रेसियों के एकत्रित होने की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना टीआई संतोष सिंह चौहान पुलिस बल के साथ अनाज मंडी के पास पहुंच गए।

पुलिस को देखकर नगर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश शर्मा, कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार केलु उपाध्याय, युवां कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शिवराज सिंह चंद्रोल, कृष्णा चौहान, अक्षय दीक्षित सहित एक दर्जन कार्यकर्ता रैली निकाल मीनाक्षी चौक की ओर चल दिए। कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तानाशाही के खिलाफ नारेबाजी की। नारायण नगर पुलिया के पहले सभी कांग्रेसी पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर शासकीय वाहन में बैठा थाने ले जाया गया।