नई दिल्ली । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कांग्रेस कन्हैया कुमार को कांग्रेस पार्टी से टिकट मिलने के बाद बीजेपी कैंडिडेट मनोज तिवारी ने कहा कि वो अपनी मानसिकता का परिचय दे रही है। चुनाव में तो कोई भी प्रत्याशी बनकर आ सकता है। मनोज तिवारी ने कहा कि आज कांग्रेस और आप पार्टी का कार्यकर्ता निराश होकर बैठ गया होगा और बहुत निराश होगा। कोई इसको स्वीकार नहीं करेगा। मेरा मानना है कि हमारे क्षेत्र में जो भी आएगा 14 हजार 600 करोड़ का काम देखेगा। हमारे क्षेत्र में जाम होने वाले बड़े-बड़े चौराहे निर्बाध गति से चल रहे हैं। कांग्रेस ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार को टिकट दिया है। 
वह सियासी मैदान में मनोज तिवारी को टक्कर देंगे। जानकारी के मुताबिक इस सीट पर टिकट के लिए पार्टी नेता राहुल गांधी ने खुद कन्हैया कुमार की पैरवी की है। कांग्रेस से टिकट मिलने के बाद चुनाव लड़ने को लेकर कन्हैया कुमार ने कहा कि कोई ना कोई सामने तो होगा ही व्यक्ति अहम नहीं होता। विचार और मुद्दा महत्वपूर्ण होता है। जनता तय करेगी कि उन्होंने (मनोज तिवारी) कोई काम किया है या नहीं। कन्हैया ने आगे कहा कि दिल्ली में बीजेपी काम नहीं करती है सिर्फ और सिर्फ विपक्षी पार्टियों को बिना वजह परेशान करती है। मैं दिल्ली के लोगों और प्रदेश कांग्रेस कमेटी व सभी पार्टी कार्यकर्ताओं और नेतृत्व को धन्यवाद देना चाहता हूं। यह फैसला देश को एक संदेश देगा कि हम लोकसभा चुनाव मजबूती से लड़ रहे हैं। हम इंसाफ के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।