भोपाल । मध्य प्रदेश का मौसम सामान्य है। सुबह-शाम ठंडक का अहसास हो रहा है। दिन में पंखे चल रहे हैं। कई जगह हल्के बादल भी हैं। हवाओं का रुख उत्तरी हुआ है, जिससे आने वाले दिनों में ठंडक बढ़ेगी। पचमढ़ी में पारा लुढ़ककर 12.6 डिग्री तक पहुंचा है।
मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों के जिलों का मौसम शुष्क रहा। अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं रहा। दिन का तापमान 35 डिग्री तक पहुंच रहा है। वहीं रात का पारा 13 डिग्री तक गया है। दो दिन मौसम में विशेष परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा।
मौसम विभाग के आंकड़ों की बात करें तो रात में ठंडक बढऩे लगी है। पूर्वी मप्र में पारे में मामूली गिरावट भी रही। प्रदेश में सबसे गर्म राजगढ़ रहा, यहां 34.5 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं पचमढ़ी में पारा में 12.6 डिग्री पर पहुंच गया है। प्रदेश में सबसे ठंडा पचमढ़ी रहा। अधिकतम तापमान की बात करें तो राजगढ़ में 34.5, ग्वालियर में 34.1, नौगांव में 33.5, गुना-दमोह में 33.4, खरगोन-रतलाम-उज्जैन में 33, दतिया में 32.9, मंडला में 32.8, खजुराहो में 32.4 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान को देखें तो सिवनी-नरसिंहपुर को छोड़ दें तो प्रदेश के सभी जिलों में रात का पारा 20 डिग्री के नीचे पहुंच गया है। पचमढ़ी में 12.6, रायसेन-मंडला में 13.2, बैतूल में 14, छिंदवाड़ा में 14.1, नौगांव में 14.5 डिग्री तापमान रहा।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो हवाओं का रुख उत्तरी बना रहने से तापमान में गिरावट हो रही है। बंगाल की खाड़ी में गहरा अवदाब का क्षेत्र बन गया है। इस सिस्टम के रविवार रात को चक्रवाती तूफान सितरंग में बदलने की संभावना है। हालांकि इसका मध्य प्रदेश पर विशेष असर नहीं रहने वाला। दो दिन बाद ठंडक बढऩे की संभावना है।