नई दिल्ली । भले ही कनार्टक में कांग्रेस सत्ता पर काबिज है, लेकिन राज्य की 28 में 25 लोकसभा सीटों पर भगवा परचम है। सूत्रों का कहना है कि इन सीटों को दुबारा से हासिल करने के लिए भाजपा करीब एक दर्जन पुराने चेहरों को बदलने वाली है। भाजपा ने इस बार कुछ केंद्रीय मंत्रियों को संसदीय चुनाव लड़ाने की योजना तैयार की है। इसमें केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण और एस जयशंकर का नाम सबसे ऊपर है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि दोनों को ही कर्नाटक में चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी हैं। हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि वे दोनों किन सीटों से चुनाव लड़ने वाले है। 
इस बीच कई मौजूदा सांसदों ने अलग-अलग कारणों से चुनाव नहीं लड़ने की इच्छा जाहिर की है। पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद सदानंद गौड़ा सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि वे अब चुनाव नहीं लड़ने वाले हैं। जी एम सिद्धेश्वर (72), रमेश जिंगजिंगानी (72) अधिक उम्र के कारण संभवत चुनाव नहीं लड़ने वाले हैं। वहीं अनंत हेगड़े ने भी अपने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का हवाला दिया है। इनके अलावा शिवकुमार उदासी निजी कारणों से चुनाव नहीं लड़ना चाहते। इसके अलावा बी. एन. बच्चे गौड़ा (82), मंगला अंगाडी, जी. एस. बसवराज, वी. श्रीनिवास प्रसाद और वाय देवेंद्रप्पा जैसे सांसदों की चुनाव लड़ने की संभावना भी कम है।  
राजनीतिक की जानकारों की मानें तब कर्नाटक में मतदाता पारंपरिक रूप से राज्य और राष्ट्रीय चुनावों में अलग-अलग पार्टियों को चुनते हैं। भाजपा 2018 के विधानसभा चुनावों में सत्ता पर काबिज हुई थी। हालांकि 104 सीटों के साथ वह बहुमत से चूक गई थी। विधानसभा चुनाव में भाजपा का कर्नाटक में वोट शेयर 36 फीसदी था। वहीं 2019 हुए लोकसभा चुनावों में बीजेपी का वोट शेयर 54 फीसदी रहा था और भाजपा ने 25 सीटों पर भगवा लहराया। उधर दूसरी ओर मई 2023 में हुए विधानसभा चुनावों में कर्नाटक में कांग्रेस का वोट शेयर 2018 के 38.1 फीसदी के मुकाबले इस बार बढ़कर 42.8 फीसदी रहा है। इसकारण कांग्रेस को भी लोकसभा चुनाव में काफी अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद है।
दक्षिण भारत के तहत आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और तेलंगाना राज्य आते हैं। इन राज्यों में लोकसभा की कुल 130 सीटें हैं। जिसमें से भाजपा के पास 22 फीसदी यानी की सिर्फ 29 लोकसभा सीटें हैं। 2019 में कर्नाटक में भाजपा ने 28 लोकसभा सीटों में से 25 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं तेलंगाना की 17 सीटों में से भगवा पार्टी को सिर्फ 4 सीटें मिली थीं। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल में भाजपा के पास एक भी लोकसभा सीट नहीं है। इतना ही नहीं आंध्र प्रदेश और केरल में पार्टी के पास एक भी विधायक नहीं है।
लेकिन इस बार भाजपा अपने 400 पार के टारगेट को हासिल करने दक्षिण भारत पर फोकस कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी खुद दक्षिण भारत के कई दौरे कर चुके हैं। हाल के दिनों में पीएम मोदी ने तमिलनाडु, केरला और केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप का दौरा कर लोगों को करोड़ों रुपए की योजनाओं की सौगात दी थी। जानकारों का कहना है कि दक्षिण भारत में 130 लोकसभा सीटों में से काफी सीटें हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित करने के बाद ही भाजपा ने चुनावों में 400 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा किया है।
अयोध्या में प्राणप्रतिष्ठा से ठीक 6 दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के आंध्र प्रदेश और केरल पर रहे हैं। इसके अलावा बीते साल दिल्ली में संसद के नए भवन का उद्घाटन के दौरान सेंगोल को स्थापित किया था। इस दौरान देश के गृह मंत्री अमित शाह का दावा किया था कि  देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 14 अगस्त 1947 को तमिल पुजारियों के हाथों सेंगोल स्वीकार किया था।