सागर ।    सागर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या सहित अन्य गंभीर वारदातों को अंजाम देने वाले 70 हजार के फरार इनामी आरोपी वासु अहिरवार को पुलिस की विशेष टीम ने गिरफ्तार किया। आरोपी वासु करीब डेढ़ वर्ष से फरार था। लगातार अपराध कर रहा था। सागर सहित अन्य जिलों के थानों में भी वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी वासु अहिरवार पर सागर पुलिस ने 60 हजार रुपये एवं इंदौर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। वासु ने सागर के मोतीनगर में पांच और दमोह व इंदौर में एक-एक गंभीर वारदातों को अंजाम दिया है। उस पर अवैध हथियार रखने, लूटपाट, हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण कर फिरौती मांगने जैसे कई संगीन अपराध दर्ज है। 

डर का माहौल बनाता था वासु

वासु पूर्व से ही आपराधिक प्रवृत्ति का होने के साथ युवाओं में अपना वर्चस्व बनाने के लिए समाज में अपना भय स्थापित करना चाहता था। अन्य आपराधिक व्यक्तियों के साथ मिलाकर वारदातों को अंजाम देता था। इसी क्रम में अवैध हथियार सहित लूटपाट, हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण कर फिरौती मांगने जैसे कई संगीन अपराधों को अंजाम दे रहा था। घटना कर अलग-अलग जिलों व राज्यों में फरार हो जाता था।

पुलिस के पहुंचने से पहले हो जाता था फरार

सागर जोन के पुलिस महानिरीक्षक ने एसपी को विशेष अभियान चलाकर फरार अपराधियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। इसके लिए विशेष टीम बनाई थी। वासु अहिरवार को पकड़ने के लिए सागर पुलिस ने कई प्रयास किए। हर बार वह पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो जाता था। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वासु अहिरवार गढ़पहरा पहाड़ी के पास वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से आया है। इसके बाद आईजी सागर ने विशेष टीम बनाकर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस ने इस अभियान में वासु अहिरवार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया। उसे पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।