छत्तीसगढ़ के बस्तर में एक बार फिर गांजा की एक बड़ी खेफ पकड़ाई है। कोंडागांव पुलिस ने 100 किलो गांजा के साथ 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा कीमत 7 लाख रुपए बताई जा रही है। ओडिशा से तस्करों ने बोलोरे वाहन की छत में गांजा के पैकेट भरे थे जिसे छत्तीसगढ़ के रास्ते राजस्थान लेकर जा रहे थे। मुखबिर की सूचना के बाद कोंडागांव पुलिस ने कार्रवाई की है। मामला कोंडागांव सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

कोंडागांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की बोलोरे वाहन में गांजा की तस्करी की जानी है। मुखबिर की इसी सूचना के आधार पर मर्दापाल तिराहा के पास पुलिस ने चेक पोस्ट लगाकर आने-जाने वाली वाहनों की तलाशी लेनी शुरू कर दी। मुखबिर के बताए अनुसार एक सफेद रंग की बोलेरो वाहन को पुलिस ने पकड़ा। जिसकी तलाशी ली गई। बोलोरे कि सीट के नीचे जब चेक किया तो कुछ नहीं मिला।

जिसके बाद पुलिस ने छत पर एक अलग तरह का चेंबर बना देखा। जिसपर जवानों को शक हुआ और उन्होंने चेंबर को तोड़ दिया। जिसमें से गांजा के कुल 22 पैकेट पुलिस ने बरामद किए। वाहन में सवार राजस्थान के अजमेर के रहने वाले असलम शेख (37) और मोहम्मद असरफ (22) इन दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि, ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे थे, जिसकी अजमेर में तस्करी करने वाले थे। कोंडागांव SP सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि, दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

एक साल में पकड़ाया 1.5 करोड़ का गांजा
साल 2021 में कोंडागांव पुलिस ने कुल 1246 किलो गांजा पकड़ा है। जिसकी अनुमानित कीमत 1.5 करोड़ रुपए है। 24 प्रकरणों में कुल 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही 13 वाहनों को भी जब्त किया गया है। कोंडागांव के SP ने जिले वासियों से अपील की है कि यदि कोई भी गांजा तस्करी करते हुए दिखता है तो पुलिस को खबर करें। तस्करों पर कार्रवाई की जाएगी।