छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर धान तस्करों के हौसले बुलंद हैं।तस्करों ने गुरुवार देर रात गरियाबंद में जमकर उत्पात मचाया। बार्डर पर बनी चेकपोस्ट पर पुलिसकर्मियों ने रोका तो तस्करों ने लठैतों के दम पर उनकी बुरी तरह से पिटाई कर दी। किसी तरह पुलिसकर्मियों ने ओडिशा के रास्ते भाग कर अपनी जान बचाई। तस्करों ने चेक पोस्ट भी तोड़ दिया। बाद में देवभोग थाना पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है ओडिशा से अवैध रूप से आने वाले धान को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से बॉर्डर पर अलग-अलग जगह 13 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। बताया जा रहा है कि भरवामुड़ा चेक पोस्ट पर गुरुवार देर रात करीब 11.30 बजे चार लोग बाइक पर पहुंचे। उनके साथ पीछे एक पिकअप धान भरकर आ रहा था। इस पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया और पूछताछ करने लगे। पुलिसकर्मियों ने कागज मांगे तो आरोपियों ने गालियां देते हुए उन पर हमला कर दिया।

तस्करों के साथ आए लठैतों ने पुलिसकर्मियों को पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने वहां बना अस्थाई चेक पोस्ट भी तोड़ दिया। तस्करों को भारी पड़ता देख जवान अपनी जान बचाने के लिए ओडिशा की ओर भागे और वहां से वापस छत्तीसगढ़ के धोबनमाल ग्राम पंचायत पहुंच कर जान बचाई। इसके बाद वहां के सरपंच और कोटवार से मदद लेकर किसी तरह पुलिस को सूचना दी। इसके बाद देवभोग पुलिस ने शुक्रवार सुबह आरोपियों को धर दबोचा।