मोरक्को के कोच वालिक रेगरागुई के निर्देश पर पूरी टीम के सदस्य अपने साथ माता या पिता को लेकर आए हैं। खुद रेगरागुई अपने साथ अपनी मां फातिमा को लेकर आए हैं।पुर्तगाल को क्वार्टर फाइनल में 1-0 से हराने के बाद अल थुमामा स्टेडियम की पिच पर मोरक्को के फुटबालर सोफियान बोउफाल का अपनी मां के साथ डांस का नजारा दुनिया भर में छा गया है। यह अकेले सोफियान नहीं है जो अपने साथ विश्वकप में मां को लेकर आए हैं।

मोरक्को के कोच वालिक रेगरागुई के निर्देश पर पूरी टीम के सदस्य अपने साथ माता या पिता को लेकर आए हैं। खुद रेगरागुई अपने साथ अपनी मां फातिमा को लेकर आए हैं। ये सभी मोरक्को टीम के बेस विंडहम दोहा वेस्ट बे होटल में रुके हैं। अब तो मोरक्को की टीम और रॉयल मोरक्को फुटबाल फेडरेशन भी मानने लगा है कि कतर में उनके देश की सफलता के पीछे माताओं के आशीर्वाद का बड़ा हाथ है।

स्पेन को अंतिम-16 में शूटआउट में हराने के बाद मोरक्को के फुटबालर अशरफ हकीमी सीधे स्टैंड में गए और अपनी मां का माथा चूमते हुए उन्हें गले लगा लिया। हकीमी की मां ने उन्हें फुटबालर बनाने के लिए दूसरों के घरों में काम किया। इस काम के जरिए मिली राशि से उन्होंने हकीमी को फुटबाल की ट्रेनिंग कराई साथ ही उन्हें शारीरिक रूप से मजबूत करने के लिए उचित खुराक भी दिलाई। हकीमी कई मौकों पर अपनी मां के त्याग का उल्लेख कर चुके हैं। यही कारण है कि विश्वकप में अपनी टीम को सफलता मिलने पर वह मां का आशीर्वाद लेने से नहीं चूके।